फर्जी टीआई बनकर किसानों से अवैध वसूली का गंभीर मामला उजागर
प्रशासनिक संरक्षण की आशंका, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सहसपुर लोहरा ने कार्यवाही करने की मांग
सहसपुर लोहारा। कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा तहसील अंतर्गत सिंघनपुरी थाना क्षेत्र में फर्जी थाना प्रभारी (टीआई) बनकर किसानों से अवैध वसूली किए जाने का एक अत्यंत गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है।इस संबंध में सहसपुर लोहारा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा सिंघनपुरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है तथा निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि घटना शासकीय वाहन और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में घटित हुई, जो स्पष्ट रूप से प्रशासनिक संरक्षण और मिलीभगत की ओर इशारा करती है।आरोप है कि कुछ व्यक्तियों ने स्वयं को थाना प्रभारी (टीआई) बताकर किसानों को गुमराह किया। जब किसान अपनी धान की फसल सहकारी समितियों में विक्रय हेतु ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें रोककर डराया-धमकाया गया और उनसे अवैध रूप से रुपये की वसूली की गई।
फर्जी टीआई बनकर वसूली करने वाले व्यक्ति का नाम रामकुमार श्रीवास, पिता नैनसिंह श्रीवास, निवासी ग्राम सोनझरी बताया गया है, जिसे भाजपा का यूथ प्रभारी बताया जा रहा है। उसके साथ जगतारण साहू, निवासी ग्राम सोनझरी भी इस कृत्य में शामिल था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर किसानों से लगभग 20 हजार रुपये की अवैध वसूली की।कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बाद में ग्राम केंजेदाह में ग्रामीणों की उपस्थिति में वसूली गई राशि किसानों को वापस कराई गई, जिससे यह स्पष्ट रूप से सिद्ध होता है कि वसूली की घटना वास्तविक थी।
घटना के समय सहसपुर लोहारा थाना के पुलिसकर्मी जीतू सिंह और भंवर सिंह मौके पर मौजूद बताए गए हैं। इसके अलावा घटनास्थल पर एक शासकीय वाहन भी खड़ा था, जिसे तहसीलदार का वाहन बताया जा रहा है, जिसका क्रमांक सीजी 02 एयू 0194 बताया गया है।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सवाल उठाया है कि यदि वसूली करने वाला व्यक्ति फर्जी था, तो पुलिसकर्मियों की मौके पर मौजूदगी क्यों थी? तहसीलदार का शासकीय वाहन वहां किस उद्देश्य से खड़ा था? क्या बिना प्रशासनिक संरक्षण के इस प्रकार की संगठित अवैध वसूली संभव है?इन सभी तथ्यों से यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पद के दुरुपयोग, प्रशासनिक मिलीभगत और संगठित अवैध वसूली से जुड़ा हुआ गंभीर प्रकरण है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सहसपुर लोहरा कार्रवाई की मांग
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सहसपुर लोहारा ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 72 घंटे के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।इस दौरान सौँखी राम साहू (अध्यक्ष ब्लॉक,कांग्रेस कमेटी स लोहारा),, छबि लाल साहू (सेक्टर अध्यक्ष),जगमोहन साहू (प्रदेश सचिव),लीला वर्मा (जनपद सदस्य),चोवा राम साहू पूर्व मंडी उपाध्यक्षनेतराम जंघेल आशाराम साहू,, हेमलाल साहू,पंकज साहू उलेन्द्र साहू, माखन साहू, सीताराम साहू, झगरू राम, फत्ते लाल साहू, नरेश साहू, भागवत साहू,उमेश साहू, शत्रुहन साहू, भरत वर्मा, बिहारी साहू, नोहर पाली,रघुनाथ जंघेल, हरिचंद साहू, तालसिंह, हरिलाल साहू,पंकज साहू, राकेश पटेल ज्ञापन देने शामिल रहे ।





