शिक्षा विभाग में 218 करोड़ का महाघोटाला, बिना बिल-बाउचर करोड़ों की बंदरबांट अमन वर्मा NSUI
कवर्धा। कवर्धा जिले में भ्रष्टाचार लगातार नए-नए रिकॉर्ड बना रहा है। पहले 7 करोड़ रुपये के धान घोटाले ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे और अब शिक्षा विभाग में सामने आए 218 करोड़ रुपये के कथित महाघोटाले ने पूरे जिले को शर्मसार कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग में करोड़ों रुपये बिना किसी ठोस दस्तावेज, बिल-बाउचर और वैधानिक प्रक्रिया के खर्च कर दिए गए, जो सीधे-सीधे गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की ओर इशारा करता है। यह पैसा बच्चों की शिक्षा, स्कूलों की सुविधाओं और शिक्षकों के संसाधनों पर खर्च होना था, लेकिन वह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया।
NSUI जिला महासचिव अमन वर्मा ने कहा कि,
“कवर्धा अब विकास नहीं बल्कि घोटालों का गढ़ बनता जा रहा है। धान घोटाले के बाद शिक्षा विभाग में 218 करोड़ रुपये की लूट बेहद चिंताजनक है। भाजपा सरकार और प्रशासन इस पूरे मामले में मौन क्यों है? आखिर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई कब होगी?”
उन्होंने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई हो तथा जनता के सामने सच्चाई रखी जाए। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो NSUI आंदोलन के लिए बाध्य होगी।





