बड़ी खबर – सहसपुर लोहारा क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, बिजली के करंट की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत
सहसपुर लोहारा (कबीरधाम)। जिले के सहसपुर लोहारा क्षेत्र से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम आमगांव में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ, जिसमें दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा खेत में दवाई छिड़कते समय बिजली के करंट की चपेट में आने से हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम आमगांव निवासी टीकम रजक (उम्र 41 वर्ष) पिता गया राम रजक और सुरेंद्र रजक (उम्र 37 वर्ष) दोनों सगे भाई सुबह-सुबह अपने खेत पहुंचे थे। वे धान की फसल में दवाई छिड़कने का काम कर रहे थे। इसी दौरान खेत के पास लगे बिजली के खंभे से तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था, जो करंट प्रवाहित कर रहा था। अंधेरे और नमी के कारण दोनों भाइयों को यह खतरा नजर नहीं आया, और जैसे ही वे तार के संपर्क में आए, दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत बिजली विभाग को सूचित किया। साथ ही लोहारा थाना पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। पुलिस दल मौके पर पहुंचकर मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया तथा दोनों शवों को मर्चुरी के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी लोहारा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बिजली तार टूटने से करंट लगने का प्रतीत होता है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और बिजली विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे आमगांव गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते जो यह दुर्घटना हुई है, उसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए और मृतक परिवार को मुआवजा प्रदान किया जाए।
यह हादसा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुरक्षा के प्रति जागरूकता की कमी और रखरखाव में लापरवाही की ओर भी इशारा करता है। प्रशासन और बिजली विभाग से उम्मीद की जा रही है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





