सहसपुर लोहारा में जनवरी 2026 के चावल वितरण में देरी, आज अल्टीमेटम का आख़िरी दिन भी अफरा-तफरी
सहसपुर लोहारा, कबीरधाम। नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में जनवरी 2026 माह के शासकीय चावल वितरण में लगातार हो रही देरी से आमजन की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रहीं। संबंधित अधिकारियों द्वारा राशन दुकानों को दो दिनों के भीतर सभी हितग्राहियों को चावल वितरण पूर्ण करने का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन आज आख़िरी दिन होने के बावजूद कई हितग्राही अब भी चावल पाने से वंचित हैं।
सुबह से ही विभिन्न राशन दुकानों के बाहर लंबी कतारें देखी गईं। महिलाएं, बुजुर्ग और मजदूर वर्ग के लोग घंटों लाइन में खड़े रहे, फिर भी कई लोगों को “स्टॉक नहीं आया”, “सिस्टम बंद है” या “बाद में आना” कहकर लौटा दिया गया। मजदूरी करने वाले परिवारों को रोज काम छोड़कर राशन दुकान आना पड़ रहा है, जिससे उनकी आमदनी पर भी असर पड़ रहा है।
सबसे गंभीर शिकायत यह सामने आई है कि कई हितग्राहियों के राशन कार्ड दुकानों में जमा ही नहीं लिए जा रहे हैं। दुकान संचालकों द्वारा तकनीकी कारण या अन्य बहाने बताकर कार्ड लेने से मना किया जा रहा है, जिससे पात्र परिवार वितरण सूची में शामिल नहीं हो पा रहे हैं और शासन की योजना के लाभ से वंचित रह जा रहे हैं।
नगर के कई वार्डों से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ परिवारों के घरों में अनाज पूरी तरह खत्म हो चुका है और उन्हें बाजार से महंगे दाम पर चावल खरीदना पड़ रहा है। इससे गरीब और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्थिति की तत्काल निगरानी की जाए, जिन दुकानों में वितरण नहीं हुआ है वहां विशेष व्यवस्था कराई जाए और जिन हितग्राहियों के कार्ड जमा नहीं लिए जा रहे हैं उनकी समस्या का मौके पर समाधान किया जाए।
लोगों का कहना है कि यदि आज भी पूर्ण वितरण नहीं हुआ तो वे आगे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। अब सबकी निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि अल्टीमेटम के आख़िरी दिन के बाद क्या ठोस कार्रवाई की जाती है और कब तक सभी हितग्राहियों को उनका हक मिल पाता है।






