स्वास्थ्य कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर संघ ने स्वास्थ्य सचिव से की मुलाकात, ज्ञापन सौंपा
छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी प्रकोष्ठ संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं संयोजक आदरणीय सुशील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में माननीय स्वास्थ्य सचिव एवं संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं के संचालक संजीव झा से मुलाकात की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कार्यरत विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में अनियमित, दैनिक वेतनभोगी, संविदा, जीवन दीप समिति, डीएमएफ (DMF) एवं अन्य मदों के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने इन कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा, नियमितीकरण, वेतन संबंधी विसंगतियों एवं अन्य लंबित मुद्दों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
इस पर संचालक संजीव झा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं पर नियमानुसार विचार कर समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। इस आश्वासन से कर्मचारियों की मांगों पर जल्द निर्णय होने की संभावना बढ़ गई है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वे वर्षों से कर्मचारियों के हित में लगातार पत्राचार और प्रयास करते आ रहे हैं तथा आगे भी यह क्रम जारी रहेगा। संघ ने सभी कर्मचारी साथियों से संगठित और एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि कर्मचारियों के सहयोग और समर्थन से ही संगठन को नई ऊर्जा मिलती है।
आज की इस मुलाकात में प्रदेश उपाध्यक्ष शम्भू सतनामी, प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गेश मरकाम एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य इंद्र कुमार कुंभकार भी उपस्थित रहे।





