संत कबीर समागम में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, लोलेसरा को दी विकास की सौगात
रायपुर। बेमेतरा जिले के ग्राम पंचायत लोलेसरा में आयोजित संत कबीर समागम के तीसरे दिन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने संत कबीर वंशावली गुरु प्रकाश मुनि नाम साहेब जी के श्रीचरणों में नमन कर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि संत कबीरदास की वाणी और उपदेश सर्व समाज के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने कहा कि संत कबीर का संदेश सामाजिक समरसता, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करता है, जो आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक है। संत कबीर की शिक्षाएं युगों-युगों तक मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि कबीर पंथियों की धर्मनगरी दामाखेड़ा का नाम “कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा” किए जाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद दामाखेड़ा का नाम विधिवत रूप से परिवर्तित किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने संत कबीर समागम स्थल सहित क्षेत्र के समग्र विकास एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति का आश्वासन देते हुए ग्राम पंचायत लोलेसरा में पंचायत भवन निर्माण हेतु 20 लाख रुपये की घोषणा की।
कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू, छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद रजक, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती प्रेमलता पदमाकर सहित बड़ी संख्या में कबीर पंथ के अनुयायी, संत-महात्मा एवं श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।





