छात्रों की समस्याओं पर सरकार और प्रशासन की चुप्पी शर्मनाक – NSUI
कवर्धा। NSUI जिला महासचिव अमन वर्मा ने कहा है कि कबीरधाम जिले के कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र आज मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार और शिक्षा विभाग पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं। छात्र-छात्राओं को न तो पर्याप्त कक्षाएं मिल रही हैं, न स्वच्छ शौचालय, न पुस्तकालय की व्यवस्था और न ही सुरक्षित कैंपस।
अमन वर्मा ने कहा कि कई कॉलेजों में कक्षाओं की भारी कमी, गंदे व जर्जर वॉशरूम, पानी की समस्या, बैठने की व्यवस्था का अभाव और शिक्षकों की कमी के कारण छात्रों का भविष्य अंधकार में डाला जा रहा है। हॉस्टल और कॉलेजों की हालत किसी से छुपी नहीं है, जहां साफ-सफाई और सुरक्षा की स्थिति बेहद खराब है।
NSUI यह स्पष्ट करना चाहती है कि छात्रों के साथ हो रहा यह अन्याय अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार शिक्षा को प्राथमिकता देने की बजाय युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। छात्रों को बेहतर शिक्षा, सम्मानजनक सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण देना सरकार की जिम्मेदारी है, जिससे वह मुंह नहीं मोड़ सकती।
अमन वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही छात्र समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो NSUI जल्द ही आंदोलन करेगी और छात्रों की आवाज़ को सड़कों से लेकर सदन तक बुलंद करेगी।
NSUI हमेशा छात्र हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी।





