जंगल से भटककर तीन भालुओं का दल गांव के पास पहुंचा, ग्रामीणों में दहशत
कवर्धा जिले में बीती रात उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब जंगल से भटककर तीन भालुओं का दल 17वीं बटालियन जैतपूरी और रामचुआ गांव के आसपास देखा गया। भालुओं की मौजूदगी की खबर फैलते ही ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि यह इलाका भोरमदेव अभ्यारण्य से लगा हुआ है, जिसके कारण यहां वन्यजीवों की आवाजाही की संभावना बनी रहती है। देर रात भालुओं को गांव के नजदीक घूमते देख ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग अलर्ट मोड में आ गया। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपने घरों में सुरक्षित रहें, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और अकेले खेत या जंगल की ओर न जाएं। क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
वन विभाग की टीम भालुओं की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है और उन्हें सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।




