नवीन बजार में खुलेआम गुंडागर्दी, दुकानदार पर चाकू से हमला
कवर्धा। कवर्धा शहर के व्यस्ततम नवीन बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े खुलेआम गुंडागर्दी की गंभीर घटना सामने आई है। दुकानदारों और ठेला लगाने वालों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस दौरान एक किराना व्यापारी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और व्यापारियों व आम नागरिकों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी बात को लेकर दुकानदार और ठेला लगाने वालों के बीच कहासुनी हुई, जो अचानक हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान आरोपियों ने किराना व्यापारी पर चाकू से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में व्यापारी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। हालांकि, इस वारदात ने शहर की पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े व्यस्त बाजार में इस तरह की घटना से व्यापारियों में आक्रोश देखा जा रहा है।
पिडित का आरोप है की
“नवीन बाजार में लगातार असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ रही हैं। पुलिस पेट्रोलिंग न के बराबर है, इसी वजह से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। हम व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और बाजार में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।”
पीड़ित व्यापारी सहित अन्य दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से नवीन बाजार क्षेत्र में स्थायी पुलिस व्यवस्था, नियमित पेट्रोलिंग और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में और भी बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।





