समाचारकवर्धाछत्तीसगढ़लोहारासहसपुर लोहारा

नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता संतोष मिश्रा ने खिलाड़ियों को सौंपी नई खेल सुविधा, अंबेडकर भवन में अस्थायी रूप से तैयार किया गया बैडमिंटन कोर्ट

वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, सहसपुर लोहारा में शुरू हुआ इंडोर बैडमिंटन मैदान

नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता संतोष मिश्रा ने खिलाड़ियों को सौंपी नई खेल सुविधा, अंबेडकर भवन में अस्थायी रूप से तैयार किया गया बैडमिंटन कोर्ट

 

सहसपुर लोहारा। नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में खेल प्रेमियों और बैडमिंटन खिलाड़ियों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी हो गई है। नगर के बच्चों और खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में नवनियुक्त नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता संतोष मिश्रा ने पहल करते हुए वार्ड क्रमांक 10 स्थित अंबेडकर भवन को अस्थायी व्यवस्था के तहत बैडमिंटन खेलने के लिए उपलब्ध कराया है। नगर के बैडमिंटन क्लब के सदस्यों ने इस भवन को इंडोर बैडमिंटन मैदान के रूप में तैयार कर खिलाड़ियों के लिए उपयोगी बना दिया है।

 

इंडोर बैडमिंटन मैदान का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता संतोष मिश्रा ने उपमुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक विजय शर्मा के जन्मदिन के अवसर पर किया। शुभारंभ के बाद उन्होंने यह सुविधा नगर के खिलाड़ियों को समर्पित की। इस नई सुविधा के मिलने से अब नगर के बच्चों, युवाओं और बैडमिंटन खिलाड़ियों को मौसम की बाधाओं से काफी हद तक राहत मिलेगी और वे नियमित रूप से अभ्यास कर सकेंगे।

 

बताया गया कि नगर पंचायत की स्थापना के समय से ही खेल प्रेमियों द्वारा सहसपुर लोहारा में इंडोर बैडमिंटन मैदान की स्थापना की मांग की जाती रही थी। खिलाड़ियों का कहना था कि नगर में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उचित खेल मैदान और अभ्यास की सुविधा के अभाव में कई खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने में परेशानी होती है। ऐसे में अंबेडकर भवन को अस्थायी रूप से बैडमिंटन खेल के लिए उपलब्ध कराए जाने को खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

 

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता संतोष मिश्रा ने कहा कि नगर के बच्चों और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। खेल के माध्यम से युवा न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सुविधा का लाभ लेकर नगर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखारेंगे और भविष्य में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सहसपुर लोहारा का नाम रोशन करेंगे।

 

वहीं, बैडमिंटन क्लब के सदस्यों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया। खिलाड़ियों का कहना है कि इंडोर सुविधा मिलने से नियमित अभ्यास में आसानी होगी और बारिश तथा अन्य मौसम की वजह से खेल गतिविधियां प्रभावित नहीं होंगी।

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी तेज सिंह चन्द्रवंशी, टीआई एवं बैडमिंटन क्लब के संरक्षक मनीष मिश्रा, पार्षद आशा पटवा, शिवचरण पटेल सहित नगर के नागरिक और बैडमिंटन क्लब से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।

 

नगर में इंडोर बैडमिंटन मैदान की शुरुआत को खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब उम्मीद है कि इस सुविधा के माध्यम से नगर के युवा खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास का अवसर मिलेगा और आने वाले समय में यहां से नई खेल प्रतिभाएं सामने आएंगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page