कबीरधामकवर्धासमाचारसहसपुर लोहारा

जनपद सदस्य दिनेश विश्वकर्मा की पहल पर दनियाखुर्द में लगभग 17 एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त

जनपद सदस्य दिनेश विश्वकर्मा की पहल पर दनियाखुर्द में लगभग 17 एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त

गौशाला एवं चारागाह के लिए 11 एकड़, 6 एकड़ में नए तालाब का निर्माण कार्य जारी

 

स. लोहरा। जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत दनियाखुर्द में जनपद सदस्य दिनेश विश्वकर्मा की विशेष पहल पर ग्रामीण विकास, गौसंरक्षण एवं जल संरक्षण की दिशा में बड़ी कार्रवाई की गई। मंगलवार को लगभग 17 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसमें 11 एकड़ भूमि गौशाला एवं चारागाह के लिए सुरक्षित की गई है, जबकि 6 एकड़ भूमि पर नए तालाब का निर्माण कार्य जारी है। इस कार्रवाई से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है और इसे गांव के हित में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

 

मंगलवार को जनपद सदस्य दिनेश विश्वकर्मा, सरपंच, राजस्व एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में शासकीय भूमि का सीमांकन एवं निरीक्षण किया गया। इस दौरान अतिक्रमण हटाकर लगभग 17 एकड़ भूमि को मुक्त कराया गया। ग्रामीणों ने लंबे समय से इस भूमि को जनहित के कार्यों में उपयोग किए जाने की मांग की थी।

 

जनपद सदस्य दिनेश विश्वकर्मा ने कहा कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाकर उसे जनकल्याणकारी कार्यों के लिए सुरक्षित करना प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि 11 एकड़ भूमि पर भविष्य में गौशाला एवं चारागाह विकसित किया जाएगा, जिससे निराश्रित गौवंश के संरक्षण के साथ पशुपालकों को भी सुविधा मिलेगी। इससे किसानों की फसलों को आवारा मवेशियों से होने वाले नुकसान में कमी आएगी और गौसंरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

 

उन्होंने बताया कि 6 एकड़ भूमि पर नए तालाब का निर्माण कार्य प्रगति पर है। तालाब बनने से वर्षा जल का संचयन होगा, भूजल स्तर में सुधार आएगा तथा किसानों को सिंचाई के लिए अतिरिक्त पानी उपलब्ध होगा। इसके अलावा पशुओं को भी सालभर पेयजल की सुविधा मिलेगी, जिससे गांव में जल संकट की समस्या काफी हद तक दूर होगी।

 

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में जनहित और विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। आने वाले समय में भी शासकीय भूमि का संरक्षण कर उसका उपयोग गांव के विकास, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीणों की सुविधाओं के लिए किया जाएगा।

 

इस अवसर पर सरपंच पारसमणी धुर्वे, पंचगण, तुकाराम राम, सुरेश साहू, राजू रजक, कुंती साहू, सुखलाल पटेल, कामता श्रीवास, सहदेव पटेल, अमरलाल पटेल, शत्रोहन राजपूत, तुकाराम साहू, टेकसिंग धुर्वे, ब्रह्म पटेल, लखन पटेल, नेतराम पटेल, आनंद पटेल, ग्राम पंचायत सचिव भूलेश्वर जायसवाल, रोजगार सहायक सेवक धुर्वे, आवास मित्र राकेश साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

ग्रामीणों ने जनपद सदस्य दिनेश विश्वकर्मा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लगभग 17 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर जनहित के कार्यों के लिए सुरक्षित करना गांव के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि गौशाला एवं तालाब निर्माण से जल संरक्षण, पशुपालन और कृषि को नई मजबूती मिलेगी तथा दनियाखुर्द क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page